इंदौर/महू: बड़गोंदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 100 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है. मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की विवेचना कर रही है.पुलिस के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि महू से मानपुर की ओर एक पिकअप वाहन नम्बर एमपी 13 जेडएच 4436 में अवैध शराब ले जाई जा रही है. सूचना पर पुलिस टीम ने कैलोद फाटा, गवली पलासिया क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन का इंतजार किया. कुछ देर बाद बताए हुलिए का वाहन आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज गति से वाहन भगा ले गया. पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया, हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कबाड़ और सिंचाई पाइप के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं.
सिमरोल से मानपुर ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस ने मौके से विनोद मालीवाड़ उम्र 24 साल निवासी छोटा जामनिया, जिला धार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बताया कि शराब उसके साथी चालक गोलु निनामा के साथ लखन जाट निवासी सिरपुर और सुनील जायसवाल निवासी इंदौर के कहने पर सिमरोल से महू होते हुए मानपुर ले जाई जा रही थी, जहां किसी व्यक्ति को सप्लाई करना था. वाहन उसके भाई राहुल मालीवाड का होना बताया. जांच में 82 पेटी माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बियर, 11 पेटी लंदन प्राइड प्रीमियम व्हिस्की, 1 पेटी अतिरिक्त व्हिस्की तथा 6 पेटी लंदन प्राइड वोडका सहित 100 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई. जब्त शराब 1144 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 21 हजार 356 रुपए आंकी गई है, वहीं पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है.
फरार चालक सहित चार आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
मामले में आरोपी विनोद मालीवाड, गोलु निनामा, राहुल मालीवाड, लखन जाट और सुनील जायसवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अन्य चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है. थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले का कहना है कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की. अवैध शराब को छिपाकर परिवहन किया जा रहा था. एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
