इंदौर: मेट्रो प्रायोरिटी रन 2.0 का ट्रायल जून अंत तक पूरा हो जाएगा, जो सुपर कॉरिडोर 3 से रेडीसन चौराहे तक 12 किलोमीटर लंबा है। अगस्त तक इस मार्ग पर मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू होने की संभावना है। सुपर कॉरिडोर 03 से रेडीसन चौराहे तक मेट्रो लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है और पांच स्टेशनों पर तकनीकी कार्य अंतिम चरण में है। शेष 4 स्टेशन का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। प्रभारी प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने आज स्टेशन का निरीक्षण किया और एजेंसियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अगस्त तक 17 किलोमीटर लंबे गांधी नगर से रेडीसन चौराहे तक मेट्रो संचालन का लक्ष्य है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पिछले दिनों मेट्रो को लेकर बयान दिया था कि दीवाली तक रेडीसन चौराहे तक चलने लगेगी. पिछले पखवाड़े ही मैट्रो के प्रबंध संचालक कृष्ण चैतन्य ने अधिकारियों के साथ सुपर कॉरिडोर 03 से रेडीसन चौराहे तक ट्रॉली रन कर निरीक्षण किया था. ट्रॉली रन का मतलब यह है कि मेन ट्रेन का ट्रायल रन किया जा सकता है. मैट्रो के लिए रेलवे स्पान की गर्डर लांच करने का काम पूर्व में ही पूरा हो चुका है और ट्रैक बिछा दिया है.
