नयी दिल्ली 14 अगस्त (वार्ता) भारत ने नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे के जम्मू-कश्मीर पर दिये गये बयान को खारिज करते हुए कहा है कि समूचा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थानीय लोगों पर अत्याचार पर ध्यान देकर इस पर चिंता करनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि वास्तव में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय यह होना चाहिए कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थानीय लोगों पर अत्याचार हो रहा है तथा इस क्षेत्र का सीमा पार आतंकवाद के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने कहा, “पूरा जम्मू -कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। वास्तव में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता के विषय वह अत्याचार होने चाहिए, जो अभी पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर में किए जा रहे हैं, और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का जो इस्तेमाल सीमा पार आतंकवाद के लिए किया जा रहा है।”
उल्लेखनीय है कि नार्वे के विदेश मंत्री बार्थ ईडे ने पाकिस्तान दौरे में वहां नेताओं के साथ बातचीत में जम्मू-कश्मीर को क्षेत्रीय मुद्दा बताया था।
