इंदौर: मालवा मिल क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में बुधवार को रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और करीब चार घंटे तक डटे रहे. इस दौरान विरोध का अनोखा तरीका भी देखने को मिला, लोगों ने सड़क पर ही चूल्हा जलाकर पोहा बनाकर खाया और प्रदर्शन जारी रखा.प्रदर्शन के दौरान रहवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब दुकान खुलने से माहौल खराब होगा और बच्चों पर गलत असर पड़ेगा.
उनके मुताबिक यह दुकान किसी अन्य क्षेत्र से शिफ्ट कर यहां लाई जा रही है, जिसे वे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेंगे. विरोध के बीच बीजेपी पार्षद व एमआईसी सदस्य नंदू पहाड़िया भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और रहवासियों से चर्चा कर उनकी मांगों का समर्थन किया. वहीं स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने. प्रदर्शन के दौरान लोग टेंट लगाने की तैयारी कर रहे थे, जिसे पुलिस ने रुकवा दिया.
600 मीटर के दायरे में पहले ही चल रहीं चार दुकानें
मौके पर पहुंचे आबकारी अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेते रहे, लेकिन दुकान को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं ले सके. स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास पहले से ही 600 मीटर के दायरे में चार शराब दुकानें संचालित हैं और यह पांचवीं दुकान होगी, जो उचित नहीं है. उन्होंने याद दिलाया कि साल 2022 में भी इसी तरह विरोध हुआ था, बावजूद इसके फिर से दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है. रहवासियों ने साफ कर दिया है कि जब तक दुकान का स्थान बदला नहीं जाता, उनका विरोध जारी रहेगा
