भोपाल। नगर निगम द्वारा करोंद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए गए, क्षेत्र में अवैध रूप से स्थापित 10 गुमठियों, 5 हवा कंप्रेसर, लोहे का पलंग, एक काउंटर, 8-10 टायर और अन्य सामान को ज़ब्त कर लिया गया। नगर निगम ने व्यापक योजना बनाकर इस क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया।
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पुलिस बल और क्षेत्र के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (एएचओ) एवं ज़ोनल अधिकारी (जेडओ) की उपस्थिति में कार्रवाई शुरू की। टीम ने सबसे पहले उन स्थानों को चिन्हित किया जहाँ अवैध गुमठियाँ और अन्य सामान रखकर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया गया था। इसके बाद, दस्ते ने अनाउंसमेंट करते हुए अतिक्रमणकारियों को स्वयं ही अपना सामान हटाने की चेतावनी दी। हालांकि, कुछ अतिक्रमणकारियों द्वारा आनाकानी करने पर, नगर निगम के कर्मचारियों ने सख्ती दिखाते हुए सभी अवैध निर्माणों और सामान को ज़ब्त कर लिया।
