
रीवा।रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र से रायपुर कर्चुलियान गए एक युवक की गुरूवार की दोपहर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई. मृतक अपने भाई की ससुराल में गया हुआ था. पूरा मामला जुगनिहाई गांव का है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पीएम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा. वहीं रायपुर कर्चुलियान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने बताया कि सुशील साकेत निवासी बिछिया रायपुर कर्चुलियान स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में शरीक होने गया था. गुरूवार दोपहर जब वह कमरे में सो रहा था. तभी कमरे में पहुंचे किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से युवक की हत्या कर दी. जैसे ही घर के सदस्यों को पूरी वारदात की जानकारी हुई तो आनन-फानन में रिश्तेदारों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पीएम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा और घर में मौजूद सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. संदेह के आधार पर कुछ संदेहियो को हिरासत में लेकर पूंछताछ की जा रही है.
