महिला पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, जमीन सीमांकन के बदले मांगे थे ₹36 हजार

भोपाल।लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को हुजूर तहसील में पदस्थ एक पटवारी को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी सुप्रिया जैन पर आरोप है कि उन्होंने जमीन के सीमांकन के बदले एक किसान से ₹36,000 की मांग की थी।

ग्राम मुबारकपुर निवासी मोहम्मद असलम ने अपनी 18 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था। किसान के अनुसार, पटवारी सुप्रिया जैन ने इस काम के लिए प्रति एकड़ ₹2,000 की दर से कुल ₹36,000 की रिश्वत मांगी थी।

भ्रष्टाचार से परेशान किसान मोहम्मद असलम ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी दुर्गेश कुमार राठौर से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया।

14 मई को लोकायुक्त की टीम ने पटवारी सुप्रिया जैन को लालघाटी स्थित उनके निवास के पार्किंग क्षेत्र में किसान से रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर ₹10,000 लेते हुए धर दबोचा।

लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी सुप्रिया जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Post

सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई

Wed May 14 , 2025
ओंकारेश्वर। बुधवार को पुनासा हाई स्कूल मैदान में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर युवकों को सुरक्षा की ट्रेनिंग दी गई इसमें नगर परिषद मूंदी ,नगर परिषद पुनासा ,नगर परिषद ओंकारेश्वर मांधाता एवं जनपद पंचायत पुनासा के लोग शामिल हुए। सीएमओ संजय गीते ने बताया कि ओंकारेश्वर से 7:00 बजे लगभग 95 वॉलिंटियर […]

You May Like