श्रीनगर 13 मई (वार्ता) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को विपक्षी दलों से सरकार की शांति पहल पर बिना सोचे-समझे आलोचना करने और राजनीतिक लाभ उठाने से बचने की अपील की और उनसे स्थायी स्थिरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करने का आग्रह किया।
सुश्री मुफ्ती ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “मैं सभी विपक्षी दलों से बिना सोचे-समझे आलोचना करने या राजनीतिक लाभ उठाने से बचने की अपील करती हूं। जिस तरह पहलगाम की घटना ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक आवाज उठाई, उसी तरह राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने वाली शांति प्रक्रिया के इर्द-गिर्द राष्ट्रीय सहमति बनाने की जरुरत है।”
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ मनमोहन सिंह की विरासत का हवाला देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने दिखाया कि सुरक्षा या संप्रभुता से समझौता किए बिना तनावपूर्ण समय के दौरान भी सीमा पार से जुड़ाव संभव है। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार को शांतिपूर्ण तरीके तलाशने के लिए राजनीतिक रूप से दंडित नहीं किया जाना चाहिए। यह विभाजन का नहीं बल्कि द्विदलीय राजनीति का समय है। विपक्ष को राजनीति से ऊपर उठकर शांति और स्थिरता के लिए वास्तविक प्रयासों का समर्थन करना चाहिए।”
हाल ही में हुए संघर्ष विराम के आलोचकों पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, “जो लोग एयर-कंडीशन्ड स्टूडियो और ड्राइंग रूम में बैठकर संघर्ष विराम की आलोचना करते हैं, उन्हें सीमा पर अपने परिवारों के साथ समय बिताना चाहिए ताकि वे मौत और विनाश की दैनिक वास्तविकता को सही मायने में समझ सकें।”
