यरूशलम, 12 मई (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को कहा कि अमेरिका ने उसे सूचित किया है कि बंधक बनाए गए इजरायली सैनिक एडन अलेक्जेंडर को हमास बिना किसी शर्त या मुआवज़े के रिहा कर देगा।
अमेरिका ने इसे एक सद्भावना संकेत बताया है और उसका मानना है कि इससे भविष्य में बड़ी वार्ताओं का रास्ता खुल सकता है।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के अनुसार हमास अमेरिकी नागरिक एवं इजरायली सैनिक एडन अलेक्जेंडर को मंगलवार को बिना किसी सौदे के रिहा कर सकता है। यह पहली बार होगा जब किसी बंधक की रिहाई बिना फिलिस्तीनी कैदियों की अदला-बदली के हो रही है।
गौरतलब है कि अलेक्जेंडर को सात अक्टूबर 2023 को हमास ने अगवा कर लिया था। इस दौरान हमास ने इजरायल में घुस कर गाजा पट्टी पर बड़े पैमाने पर रॉकेट दाग लगभग 1,200 लोग की हत्या कर दी थी। हमले में हमास के लड़ाकों ने 250 लोगों को बंधक बना लिया था।
यह घटनाक्रम हमास द्वारा यह जानकारी दिये जाने के लगभग एक महीने बाद आया है कि इजरायली बमबारी के बाद अलेक्जेंडर की सुरक्षा करने वाले समूह से उसका संपर्क टूट गया है। माना जाता है कि वह गाजा में बंधक बनाए गए अंतिम जीवित अमेरिकी बंधक हैं।
गौरतलब है कि जनवरी में इजरायल और हमास के बीच एक अस्थायी युद्धविराम हुआ था, जिसके तहत कुछ बंधकों को रिहा किया गया और शुरुआती छह सप्ताह के चरण के दौरान मानवीय सहायता पहुंचायी गयी हालांकि, एक मार्च को पहले चरण के समाप्त होने के बाद वार्ता टूट गई, जिससे कैदियों की अदला-बदली और सहायता वितरण दोनों रुक गए।इजरायल के अनुसार, गाज़ा में अब भी 59 बंधक मौजूद हैं, जिनमें से 21 के जीवित होने की संभावना है। गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अब तक इज़रायली हमलों में 52,800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
