
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि जिद, जुनून एवं जज्वे से बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. मध्यप्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले रीवा संभाग के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि विन्ध्य का भविष्य सुनहरा है और आने वाले दिनों में यह विद्यार्थी अपना योगदान देंगे. उप मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले रीवा संभाग 66 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया.
मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सफलतायें एवं असफलतायें मिलती रहती हैं अपने लक्ष्य के लिए हमेशा प्रयासरत रहें. उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने जो अपने अनुभव बताये हैं उससे यह सिद्ध होता है कि इन्हें आगे बढऩे का मंत्र प्राप्त हो गया है. आगे की शिक्षा में इसी लगन और मेहनत से लगे रहे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि विद्यार्थियों में घमण्ड व अतिरेक की भावना नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद ने कहा कि रीवा का इतिहास शिक्षा के क्षेत्र में समृद्धशाली रहा है. इन प्रतिभावान विद्यार्थियों ने इसमें और चार चाँद लगा दिये हैं. उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह में सभी को गौरव का अनुभव हो रहा है. छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उनके परिजनों को इस सफलता के लिए बहुत-बहुत बधाई.
