
सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के बरिगमा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद ने रातोंरात खूनी रूप ले लिया। बीती रात करीब 12 बजे संतोष साहू ने अपनी पत्नी पार्वती साहू की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया। जिसे पुलिस ने दबिश कार्यवाही के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और बच्चों के सामने उनका परिवार उजड़ गया। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह मिली जिसके बाद थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सीधी जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे घरेलू विवाद ही मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच बीते चार वर्षों से तनाव चल रहा था। मृतका पार्वती के पिता रामावतार साहू ने बताया कि आरोपी संतोष साहू अपनी पत्नी पर शक करता था। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पार्वती को घर से निकाल दिया। इसके बाद पार्वती ने न्यायालय से गुहार लगाई और पति से खानगी की मांग की। बताया जाता है कि संतोष साहू मजदूरी के लिए नासिक चला गया था और पिछले डेढ़ साल से पत्नी और बच्चों का खर्च भी नहीं भेज रहा था। यही विवाद कल रात खौफनाक हत्या में बदल गया।
इनका कहना है
घटना के बाद आरोपी संतोष साहू फरार था। पुलिस टीम ने कड़ी घेराबंदी में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है।
विवेक द्विवेदी, थाना प्रभारी कमर्जी
