महाकाल की नगरी से राजधानी तक रहेगा सिंहस्थ का कार्य क्षेत्र 

 

नवभारत न्यूज़

 

उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यहां सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उज्जैन, इंदौर और भोपाल संभाग को सिंहस्थ का कार्यक्षेत्र बताया। विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर, महेश्वर, मंदसौर, आगर और शाजापुर में भी विकास कार्य होंगे।

रविवार को उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देर रात 1:00 बजे तक कई आयोजनों में शामिल हुए ।सोमवार को सिंहस्थ 2028 की समीक्षा के साथ ही सामाजिक राजनीतिक कार्यक्रमों में पहुंचे।

 

विश्व की शान है सिंहस्थ

 

सीएम ने कहा कि सिंहस्थ मध्य प्रदेश ही नहीं विश्व की एक शान है। इसके लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं, तो कुछ पूर्ण कर लिए गए हैं। भविष्य में हमारा धार्मिक पर्यटन बड़े और मध्य प्रदेश में आर्थिक संपन्नता हो, सिहस्थ के विकास कार्यों से लंबे समय तक लोगों को लाभ मिले ,इस बात पर भी ध्यान दिया जा रहा है। समीक्षा में यह बात भी देखने को मिली कि कई कार्य दूरगामी दृष्टि से हमारे लिए लाभकारी होंगे।

 

 

 

कार्यो को गति देने की जरूरत

 

 

 

उन्होंने कहा ,उज्जैन में चल रहे कई कार्यो को गति देने की आवश्यकता है। कई कार्य राज्य स्तर के हैं तो कई केंद्रीय स्तर के सभी कार्यों में तालमेल बैठाते हुए हम तेज गति से आगे बढ़ेंगे। उज्जैन की समीक्षा बैठक में सभी कार्यों को बारीकी से समझा है भोपाल स्तर पर व्यक्तिगत तौर पर देखूंगा।

 

 

 

ये रहे बैठक में शामिल

 

 

बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया ,विधायक अनिल जैन, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, संभाग आयुक्त संजय गोयल, डीआईजी नवनीत भसीन, इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह, उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद

 

रात से अगली दोपहर तक रुके सीएम

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार रात्रि को अपने गृह नगर उज्जैन पहुंचे। आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय के यहां विवाह समारोह में शामिल हुए। इसके पश्चात वे माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अशोक प्रजापत के निवास पर पहुंचे और उनके दिवंगत भाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। रात्रि में ही मुख्यमंत्री क्षीरसागर स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने अखिल भारतीय फिरोजिया ट्रॉफी 2025 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की।

 

 

 

सरकार ने खेल बजट दोगुना किया

 

सीएम डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में अखिल भारतीय फिरोजिया ट्राॅफी 2025 टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन क्षीरसागर स्टेडियम पर हुआ। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार ने खेल बजट दोगुना कर दिया है।राज्य सरकार ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 50 लाख रुपए से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि अब देगी । प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में खेल के सर्व सुविधायुक्त मैदान सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे है। खेलो को शिक्षा नीति का अभिन्न अंग बनाकर खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को भी महत्वपूर्ण पद दिए जायेंगे। यह सब प्रयास कर प्रदेश को देश में खेल का नंबर 1 राज्य बनाएंगे। उज्जैन में जल्द ही एस्ट्रोटर्फ मैदान का निर्माण कर विश्वस्तरीय सुविधा हॉकी के लिए भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

 

 

 

मेडिकल टुरिज्म का हब बनाया जाएगा

 

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मेले में आर्मी भी सम्मिलित रहेगी।सभी मुख्य देवस्थानों को जल्द ही देवलोक के रूप में विकसित करने की कार्य योजना बनाए।उज्जैन में न्यायपालिका द्वारा भी न्याययिक संस्था शुरू की जाएगी उसकी कार्ययोजना भी पाइपलाइन में रखे। मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज निर्माण की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि श्रध्दालुओ को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए जिले को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाने के लिए योगा,वेलनेस, नेचुरोपैथी ,एलोपैथी और आयुर्वेद के केंद्रों के साथ मेडिकल डिवाइस उद्योग ,फार्मा कंपनियों और मेडिकल रिसर्च संस्थाओं को साथ लेकर एकीकृत कार्ययोजना तैयार करे। नगर निगम और अन्य संस्थाएं भी अपने मद से किए जाने वाले शहर के कार्य निरंतर करे। मालवा क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा ।

 

 

 

 

बुद्ध का अनुसरण कर हम विश्व को जीत सकते हैं

 

 

 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर अशोक बुद्ध विहार स्थित आयोजन में शामिल होकर जन समूह को संबोधित करते हुए कहा की भगवान बुद्ध की कृपा हम सब पर बनी रहे, भगवान बुद्ध ने हमें जीवन में शांति, प्रेम, करुणा पर चलने का सिद्धांत दिया है उसका अनुसरण करके हम विश्व को जीत सकते हैं। विश्व शांति का जो संदेश गौतम बुद्ध द्वारा दिया गया वो आज भी सार्थक है।भगवान गौतम बुद्ध के विश्व में सबसे ज्यादा अनुयायी है भगवान बुद्ध द्वारा बताये गए मार्ग का पालन करने वाला एकमात्र देश भारत है| विश्व बंधुत्व और सबके कल्याण की भावना , हमारे लिए प्राथमिकता है । कोविड महामारी के समय हमने 40 से अधिक देशों की सहायता की है।

Next Post

पुलिस ने अमरोला में किया जन चौपाल का आयोजन 

Mon May 12 , 2025
सीधी। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लोगो के बीच पुलिस की पहुंच सुगम करने के उद्देश्य से थाना भुईमाड़ अंतर्गत अमरोला ग्राम मे जन चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा के निर्देश पर अभी तक अलग-अलग थाना क्षेत्रान्तर्गत 7 ग्रामों में सीधी पुलिस का जन चौपाल कार्यक्रम […]

You May Like