जबलपुर: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह रविवार की दोपहर गौरीघाट पहुंचे। यहाँ उन्होंने सिद्धघाट में माँ नर्मदा का पूजन किया। नर्मदा परिक्रमा भवन एवं सिद्ध कुंड का निरीक्षण किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माँ नर्मदा के पावन तट गौरीघाट एवं तिलवारा घाट को सरयू के तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की थी।
इसके फलस्वरूप माँ नर्मदा के तटों को विकसित करने के लिए दो चरणों में कार्य योजना तैयार की जा रही है। पहले चरण में जिलहरी घाट से लेकर खारी घाट तक तथा दूसरे चरण में भटौली से लेकर तिलवारा घाट तक के विकास कार्यों की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि माँ सरयू की तर्ज पर यहाँ अत्यंत सुंदर एक सुन्दर धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। प्रोजेक्ट की डीपीआर लगभग तैयार की जा चुकी है।
