जबलपुर: सोमवार की सुबह पश्चिम मध्य रेल की विजिलेंस टीम ने जबलपुर रेलवे स्टेशन में बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन टीटीई की जांच की जिसमे तीनों टीटीई गोंडवाना एक्सप्रेस से उतरे और जब उनके पास रखे कैश का मिलान किया गया तो तीनों के पास से लगभग 46 हजार रुपये अधिक पाए गए। घटना की जानकारी लगते ही वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डा. मधुर वर्मा के निर्देश पर तीनों टीटीई को तत्काल प्रबाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
यात्रियों ने की शिकायत
सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर और वातानुकूलित कोच में तीन टीटीई कर्मचारी क्रमश: मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार व अनिकेश कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। ये तीनों टीटीई गोंडवाना एक्सप्रेस लेकर जबलपुर आ रहे थे। बताया जाता है कि किसी यात्री द्वारा विजिलेंस टीम को मोबाइल फोन पर यह सूचना मिली की ट्रेन में सवार टीटीई द्वारा यात्रियों से अवैध वसूली की जा रही है और जुर्माना वसूलने के एवज में जुर्माने की रसीद भी नहीं दी जा रही है।
घात लगाए बैठी थी विजिलेंस की टीम
जबलपुर में सूचना मिलने के पश्चात मुख्य स्टेशन पर घात लगाए हुए बैठी विजिलेंस की टीम के सदस्यों ने सुबह 10 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस के प्लेटफार्म पर आते ही टीम ने तीनों टीटीई को घेर लिया और जब उनके पास रखे हुए कैश का मिलान किया गया तो टीटीई द्वारा ट्रेन में सवार होने से पहले जो कैश का डिक्लियरेशन किया गया था उससे अधिक राशि प्राप्त हुई। जिस पर विजिलेंस ने केस बनाते हुए पूरा मामला जबलपुर रेल मण्डल के सीनियर डीसीएम डॉ.मुधर वर्मा को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया है।
प्राप्त की गई राशि
बताया जाता है कि पकड़े गए टीटीई कर्मचारियों के पास कुंदन कुमार से 32 हजार रुपये, अनिकेश कुमार से 14 हजार रुपये व मनोज कुशवाहा के पास से भी भारी राशि विजिलेंस टीम ने बरामद की है।
इनका कहना है
विजिलेंस की टीम ने तीन टीटीई को कैश के साथ पकड़ा है। जानकारी लगते ही तीनों टीटीई को सस्पेंड करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
डा. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रंबधक, जबलपुर रेल मंडल
