इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र के ऋषि नगर में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है. उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि गुरुवार 4 जून को ऋषि नगर कॉलोनी में रोहित का शव उसके घर में संदिग्ध हालत में मिला था.
परिजन उसे अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, परिजनों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए. जांच में मृतक के दोस्त देवेन्द्र वर्मा निवासी नीलाकाश स्कूल के पास, बाणगंगा की संलिप्तता सामने आई. पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी देवेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूला
पूछताछ में उसने उधारी के पैसों को लेकर विवाद होने पर हत्या करना कबूल किया. आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गमछा, मृतक का पर्स और नकदी बरामद की गई है. मामले में डीसीपी जोन-3 अभिषेक रंजन ने बताया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया. आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है, प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया है. प्रकरण में एफएसएल, फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है
