इंदौर: कंपैल क्षेत्र के ग्राम पिवड़ाय में सोमवार देर रात एक कंपोजिट शराब दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपए की शराब का स्टॉक जलकर राख हो गया. आग दुकान के पिछले हिस्से में लगी, जहां बड़ी मात्रा में शराब का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं.फायर ब्रिग्रेड से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पिवड़ाय निवासी मयंक पिता राजेंद्र जैसवाल की शराब दुकान में रात करीब 12.30 बजे आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली.
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए थे. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
