
पन्ना। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न मंदिरों से सोने-चाँदी के छत्र एवं बहुमूल्य आभूषणों एवं घरों से की गई अन्य चोरियों सहित कुल 19 चोरियों का बड़ा खुलासा करते हुए लगभग 30 लाख की मशरूका जप्त करने मे सफलता हासिल की गई। एसपी पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने आज पत्रकार वार्ता मे जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी अत्यंत शातिर प्रवृत्ति के हैं, जो पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त रह चुके हैं तथा जेल जा चुके हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के पश्चात की गई पूँछताछ में पन्ना जिले सहित अन्य जिलों में घटित मंदिर चोरी सहित अन्य कई वारदातों का खुलासा हुआ है। विगत दिनों जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों (मंदिरों) से सोने-चांदी के छत्र एवं अन्य बहुमूल्य आभूषणों की चोरी की घटनाएँ घटित होने से आमजन की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुँची थी। मंदिर चोरी की घटनाओं को पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लिया गया। एसपी पन्ना द्वारा गठित टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर मामले के 07 संदेही व्यक्तियों को पटेल ढाबा देवेन्द्रनगर से पुलिस अभिरक्षा में लिया जाकर पूँछताछ की गई । पूँछताछ पर संदेहियों द्वारा अपने-अपने नाम पता ह्रदेश उर्फ हिरदेश लखेरा पिता श्री रामलाल लखेरा उम्र 27 साल निवासी ग्राम बंधूर थाना सलेहा जिला पन्ना (म.प्र.), शैलेन्द्र चौबे पिता रामचरण चौबे उम्र 25 वर्ष, बीरेन्द्र चौबे उर्फ बीरू पिता रामचरण चौबे उम्र 26 वर्ष, धीरेन्द्र चौबे उर्फ बीरू पिता रामचरण चौबे उम्र 30 वर्ष निवासी तीनों निवासी ग्राम फुलदरी थाना देवेन्द्रनगर जिला पन्ना, विष्णुकांत सोनी पिता हजारीलाल सोनी उम्र 31 साल निवासी ग्राम गंज थाना सलेहा जिला पन्ना, कुन्जीलाल चौधरी पिता मिहीलाल चौधरी उम्र 29 वर्ष निवासी बिरसिंहपुर थाना पवई जिला पन्ना, सुरेन्द्र सोनी पिता चन्द्रिका प्रसाद सोनी उम्र 30 वर्ष निवासी इटांय थाना पवई जिला पन्ना पुलिस टीम को बताये गये। पुलिस टीम द्वारा मन्दिर में की गई चोरियों एवं अन्य चोरियों के संबंध में कड़ाई से पूँछताछ किये जाने पर आरोपियों द्वारा चोरी की वारदात कारित किया जाना स्वीकार किया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से मन्दिर एवं घरो से की गई सोने-चाँदी की चोरी के संबंध में पूँछताछ किये जाने पर आरोपियों द्वारा बताया गया कि हम लोगो ने चोरी किये सोने चाँदी के आभूषणो में से 2.5 किलो चाँदी गला दी है जो आरोपी सोनी के पास से पुलिस ने उक्त कच्ची चाँदी को जप्त करके आरोपियों के बताये अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एवं चोरी की गई 04 मोटर साइकिल, 06 कटर, नगदी 2 लाख 58 हजार 200 रूपये नगद, सोने चाँदी के छत्र एवं जेवरात वजनी करीब 2.5 किलो कुल मशरूका कीमती करीब 30 लाख रूपये का जप्त किया जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
