
नवभारत न्यूज
खंडवा। खंडवा में मेडिकल कॉलेज खोलने के बाद ब्लड की खपत में बढ़ोतरी हुई है। पहले ही 60 यूनिट ब्लड रोजाना लगता था। अब और बढ़ गया है। लगातार ब्लड की कमी हो रही है। इसे दूर करने के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन खंडवा के स्टेडियम में रविवार को किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजसेवी क्लब और डॉक्टर उपस्थित थे।
श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय सह नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए रोटरी क्लब खण्डवा निमाड़ द्वारा गुरू गोविंद सिंह स्टेडियम खंडवा में जिला चिकित्सालय के सहयोग से रक्तदान अभियान प्रारंभ किया गया है। जिसका पहला शिविर रविवार को प्रात: 6 बजे से आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओ.पी.जुगतावत एवं सिविल सर्जन डॉ अनिरुद्ध कौशल द्वारा किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि ब्लड बैंक में प्रति दिन लगभग 60 यूनिट ब्लड की आवश्यकता होती है। अभी रक्तदान में कमी आई है, इसलिए रक्तदान को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। वर्तमान शिविर में रविवार को 23 यूनिट ब्लड लोगों ने डोनेट किया जिसे एकत्रित किया गया।
रोटरी क्लब खंडवा निमाड़ के अध्यक्ष सुशील मंडलोई, सचिव अतुल अत्रिवाल , कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, सुभाष मेहता, सुनील बंसल,संजीव मंडलोई, गोविंद शर्मा, पंकज शर्मा,हर्ष शर्मा, मनोज मित्तल ,कंचन अत्रिवाल, लोकेश झंवर, सक्षम अत्रिवाल द्वारा रक्तदान किया गया।
जिला चिकित्सालय की टीम जिसमें डॉ. प्रांजलि, डॉ. विशाल श्रीवास्तव, काउंसलर पूजा रैकवार, वर्षा वाडिया नर्सिंग ऑफिसर द्वारा सेवाएं दीं। ब्लड प्रेशर और शुगर की जाँच नि:शुल्क की गई। शिविर में कुल 23 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया। रोटरी मंडल के महासचिव लोकेश झंवर ने बताया कि क्लब जिला अस्पताल के सहयोग से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करता रहेगा।
