ग्वालियर: एक अधेड़ गोली लगने से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ है। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाडिय़ा स्थित शिव नगर की है।.घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा है और जब घायल और उसके परिजनों से पूछताछ की तो उनके बयानों में काफी अंतर मिला है और गोली युवक के कंधे में लगी है, लेकिन जो टीशर्ट वह पहने हैं, उसमें छेद नहीं है। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और पड़ताल में जुटी हुई है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के शिव नगर निवासी नासिर अली पुत्र मंजूर अली घायल हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ और पुलिस को परिवार में चल रही रजिश में अन्नू व उसके तीन साथियों द्वारा गोली मारने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच की तो कुछ बातें उनके गले नहीं उतरी हैं।
घायल का कहना है कि दोपहर में उसके परिवार के दो पक्षों में आपस में विवाद हुआ था।
जिसमें क्रॉस मामला हुआ है। रात को अन्नू अपने तीन साथियों के साथ आया था, उस समय वह दरवाजे के पास था और आते ही दो फीट की दूरी से उन्होंने उस पर गोली चलाई जो उसके कंधे में लगी। वहीं घायल की बेटी और भतीजी का कहना है कि हमलावर उनकी छत पर पहुंचे और करीब आठ फीट की दूरी से गोली चलाई है। जिससे पुलिस को शंका हुई, जबकि गोली उसके कंधे में लगी थी और जो टीशर्ट वह पहने था, उसमें एक भी छेद नहीं मिला, जिससे उसकी कहानी पर पुलिस को संदेह है। अब पुलिस जांच कर असल कहानी का पता लगाने का प्रयास कर रही है, जिससे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
