जबलपुर: शहर सडक़ों पर देशभक्ति की अद्भुत लहर देखने को मिली। नगर निगम मुख्यालय से मालवीय चौक तक आयोजित भव्य तिरंगा मार्च में हर हाथ में तिरंगा था और हर दिल में मातृभूमि के लिए गर्व, सम्मान और समर्पण का भाव। यह मार्च भारतीय सेना द्वारा संचालित ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में, नगर निगम कांग्रेस पार्षद दल के आव्हान पर आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय सेना के पराक्रमी जवानों को सलाम करना, उनके साहस, शौर्य और बलिदान को सम्मान देना था।
मार्च ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पूरा देश अपने जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि सेना के हर जवान का पराक्रम हमारे लिए प्रेरणा है। ऑपरेशन सिंदूर भारत की संप्रभुता और सुरक्षा का प्रतीक है। हम सब अपने जवानों के साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों के लिए श्रद्धांजलि है। ऑपरेशन सिंदूर में लगे जवानों के जज़्बे को जबलपुर ने दिल से सलाम किया है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध रही है और रहेगी। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएँ और बच्चे इस जनजागरण के प्रतीक बने तिरंगा मार्च में सम्मिलित हुए। मालवीय चौक पर तिरंगा मार्च का समापन हुआ जहाँ समूचा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय जवान, जय हिंद जैसे नारों से गूंज उठा।
इस दौरान राजेश सोनकर, आजम अली, प्रमोद पटेल, गुड्डू नबी, बलविंदर मान सत्येंद्र चौबे, कलीम खान गुलाम, हुसैन अख्तर अंसारी, हर्षित यादव, अमर रजक, राकेश पांडे लखन, कपिल भोजक नन्ही पटेल अभिषेक पटेल आदि उपस्थित रहे।जवानों की सफलता, सुरक्षा की मांगी दुआएं, जताया आक्रोश गढ़ा मुजावर मोहल्ला कादरी नगर में मुस्लिम समुदाय ने एकजुट होकर भारतीय सेना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के लिए भारतीय सेना के जवानों की सफलता और सुरक्षा के लिए विशेष दुआएं मांगी। इसके साथ ही, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भी प्रदर्शन किया और इस वैश्विक बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। मुबारक कादरी, निजाम कादरी, सैय्यद कादिर अली कादरी अन्य उपस्थित रहे।
