
शाजापुर। एबी रोड स्थित पं. बालकृष्ण शर्मा नवीन एक्सीलेंस कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. शुक्रवार को भी परीक्षा देने आई तीन छात्राओं के बैग व मोबाइल चोरी हो गए. इसकी शिकायत जब छात्राओं ने कॉलेज प्राचार्य को की तो उन्होंने इसे लापरवाही बताते हुए पल्ला झाड़ लिया. इसके बाद छात्राओं ने इसकी शिकायत लालघाटी पुलिस को की है. शुक्रवार को कॉलेज में सुबह 7 से 10 परीक्षा चल रही थी. छात्रा मोनिका कुण्डला, कोमल सोलंकी व क्षमा पाटीदार ने बताया कि उन्होंने परीक्षा के दौरान अपने मोबाइल और बैग जाली में रखे थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वे बाहर आईं तो सामान गायब था. पीडि़त छात्राओं ने लालघाटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. जब छात्राओं ने इसकी शिकायत प्राचार्य डॉ. बीएस विभूति को की तो उन्होंने इसे लापरवाही बताया और कहा कि परीक्षा में मोबाइल और अन्य सामान लाना प्रतिबंधित है. बार बार मना करने के बावजूद छात्र मोबाइल लेकर आते हैं और कहीं भी रख देते है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के लिए छात्र खुद जिम्मेदार है. इधर जब छात्राओं को कॉलेज से कोई सहायता नहीं मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत लालघाटी थाना पुलिस को की. इस पर पुलिस ने कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की.
