
सीहोर. लगातार तीसरे दिन भी नगरपालिका ने शहर के मेन रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया. इसके अलावा स्टेशन रोड पर भी प्रभावी मुहिम चलाकर कई लोगों के अवैध अतिक्रमण को हटाया गया.
गौरतलब है कि बीते कई महीनों से अतिक्रमण विरोधी मुहिम के शिथिल होने के कारण लोगों ने शासकीय जमीनों पर कब्जा कर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण कर लिया था. इसके अलावा मेन रोड पर भी दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान रखे जाने के कारण यातायात में बाधा होती थी. दिन में कई बार जाम के हालात निर्मित होते थे. आखिरकार नपा का अतिक्रमण विरोधी अमला एक बार फिर सक्रिय हुआ. दो से लगातार जारी मुहिम तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही. अतिक्रमण शाखा प्रभारी तिलक खाती के नेतृत्व में नपा के अमले ने गांधी रोड का फिर भ्रमण किया. इस दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया. अतिक्रमण विरोधी अमले को देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वह आनन- फानन में दुकान का सामान समेटने लगे. इसके बाद भी कई दुकानों का सामान जब्त किया गया. अतिक्रमण प्रभारी तिलक खाती ने बताया कि समझाईश देने के बाद भी दुकानदार सामान सड़क पर रखने से बाज नहीं आ रहे हैं. आज सामान जब्त किया है जिसे जुर्माना अदा करने के बाद वापस लौटाया जाएगा. इसके बाद फिर अगर इनका सामान सड़क पर दिखा तो दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी. नपा की कार्रवाई के बाद मेन रोड काफी चौड़ा नजर आ रहा था. लोगों ने मुहिम को सतत जारी रखने की मांग की है.
स्टेशन रोड से कई अतिक्रमण पर चली जेसीबी
गुरुवार को तहसील, नजूल एवं नगर पालिका के अमले ने जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण हटाया गया. ज्ञातव्य है कि नगर के वाल्मीकि मोहल्ला स्टेशन रोड पर कई समय से अतिक्रमण किया हुआ था. जिस पर जिला प्रशासन की टीम द्वारा जेसीबी चलाई गई.
हमारे द्वारा लोगों को लगातार समझाईश दी जा रही है. इसके बाद दुकानों का सामान बाहर रखा जा रहा है. अमले द्वारा आज सामान जब्त किया गया. अब आगामी दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
भूपेन्द्र दीक्षित
सीएमओ, नपा सीहोर
