भोपाल, 07 मई (वार्ता) खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (बिहार) में मध्यप्रदेश ने आज छह स्वर्ण पदक समेत कुल 11 पदकों पर कब्जा करके पदकों की संख्या बढ़ाकर 14 कर ली है।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से यहां मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार इसके साथ ही मध्यप्रदेश पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य के खिलाडि़यों ने आज छह स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। इस तरह अब इन पदकों की संख्या बढ़कर क्रमश: आठ स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य हो गयी है।
चार मई को प्रारंभ हुयी यह प्रतियोगिता बिहार की राजधानी पटना के अलावा राजगीर, भागलपुर, गया और नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता 15 मई तक चलेगी और इसमें मध्यप्रदेश के 176 खिलाड़ी 18 खेलों भी अपना पूरा दम लगा रहे हैं।
राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने राज्य के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मलखंभ और शूटिंग के खिलाड़ियों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मध्यप्रदेश ने मलखंभ में छह स्वर्ण पदक जीते हैं।
