नई दिल्ली, 07 मई (वार्ता) भारत के लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को हरित और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एस्सार की सहायक कंपनी ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के सहयोग से एलएनजी-पावर्ड ट्रकों के एक नए बेड़े को हरी झंडी दिखाई।
कंपनी ने बुधवार को यहां बयान जारी कर बताया कि यह आयोजन पुणे के चाकन में आयोजित हुआ, जहां ग्रीनलाइन ने अपने ग्रीन मोबिलिटी मिशन के अगले चरण की शुरुआत की।
ग्रीनलाइन पहले ही 650 से अधिक एलएनजी ट्रकों के साथ संचालन कर रही है। इसका बेड़ा अब तक चार करोड़ किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुका है और 10 हजार टन से अधिक कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन की कटौती में सफल रहा है। इस प्रयास को अब श्रीराम फाइनेंस जैसे मजबूत वित्तीय साझेदार का सहयोग प्राप्त हो गया है, जिससे ग्रीन मोबिलिटी को स्केलेबल और सुलभ बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।
ग्रीनलाइन की योजना 10 हजार से अधिक एलएनजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) ट्रकों की तैनाती की है, जिसे देशभर में 100 से अधिक एलएनजी स्टेशन, ईवी चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग केंद्रों का नेटवर्क समर्थन देगा। इस पहल से सालाना 10 लाख टन तक कार्बन उत्सर्जन में कटौती का लक्ष्य रखा गया है, जो केंद्र सरकार के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने के लक्ष्यों से मेल खाता है।
ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आनंद मिमानी ने कहा, “श्रीराम फाइनेंस के साथ यह साझेदारी टिकाऊ लॉजिस्टिक्स समाधानों के बड़े विस्तार की दिशा में एक मजबूत कदम है। ब्लू एनर्जी मोटर्स द्वारा निर्मित हमारे ट्रक परिचालन दक्षता और हरित भविष्य के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।”
कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) शारवरी प्रभु ने कहा, “जैसे-जैसे हम अपने ग्रीन फ्लीट का विस्तार करते हैं, वित्तीय सहयोग की भूमिका बेहद अहम होती जा रही है। श्रीराम फाइनेंस का समर्थन हमें पारंपरिक ट्रकिंग के हरित विकल्प देने में सक्षम बनाता है।”
श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक जी.एम. जिलानी ने कहा, “हम इस पहल का हिस्सा बनकर गर्व महसूस करते हैं। यह साझेदारी हमारी जिम्मेदार वित्तीय सेवाओं और पर्यावरणीय प्रतिबद्धताओं को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर है। यह हमारा पहला बड़ा निवेश है जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से आगे बढ़कर क्लीन फ्यूल टेक्नोलॉजी में ग्रीन फाइनेंसिंग का विस्तार दर्शाता है।”
