
टीकमगढ़ । बल्देवगढ़ थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को लोकायुक्त सागर की पुलिस टीम ने 5 हजार रुपए की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मी को बल्देवगढ़ बस स्टैंड से रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक मामला 24 अप्रैल का है, जब पपावनी गांव में मारपीट की एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में प्रधान आरक्षक ने दो लोगों के नाम हटाने के लिए 10 हजार रुपए की मांग की। पीड़ित ने पहले ही 5 हजार रुपए थाने में देकर अदा कर दिए थे।
छत्रपाल सिंह लोधी ने इस रिश्वत की मांग की शिकायत लोकायुक्त में दर्ज कराई। आज सागर से आई लोकायुक्त टीम ने बस स्टैंड के पास से बाकी के 5 हजार रुपए लेते हुए प्रधान आरक्षक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त डीएसपी संजय जैन ने बताया कि छत्रपाल सिंह लोधी ने 2 मई को मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर प्रधान आरक्षक और शिकायतकर्ता के बीच हुई बातचीत की रिकार्डिंग की गई।
रिकार्डिंग में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर आज छापे मार कार्रवाई की गई। आज जैसे ही छत्रपाल लोधी ने रिश्वत के 5000 रुपए प्रधान आरक्षक को दिए। इस दौरान लोकायुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
