सतना : जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत भरत घाट आरती स्थल पर सफाई कर रही नगर परिषद की स्वच्छता टीम उस वक्त भौचक्की रह गई जब उन्हें पानी में तैरता एक शव दिखाई दिया. मृतक कानपुर से चित्रकूट दर्शन पूजन करने के लिए आया था. संभावना जताई कि रात में स्नान के दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई होगी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद चित्रकूट की स्वच्छता टीम गुरुवार की सुबह मंदाकिनी नदी और आस पास के क्षेत्र की सफाई कर रही थी.
इसी दौरान स्वच्छता टीम जब सफाई करने के दौरान भरत घाट आरती स्थल पर पहुंची तो पानी में एक शव तैरता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई. जानकारी मिलने पर चित्रकूट थाना प्रभारी डी आर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को पानी से बाहर निकलवाया गया. आस पास मौजूद लोगों से पूछताछ किए जाने पर कोई भी मृतक को पहचान नहीं सका. लिहाजा जब पुलिस की नजर वहीं घाट पर लावारिस हालत में पड़े कपड़ों पर पड़ी तो उनकी तलाशी ली गई.
कपड़ों से मिले आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के माध्यम से मृतक की पहचान रमा शंकर अवस्थी पिता मुन्ना उम्र 40 वर्ष निवासी कटका कानपुर देहात उप्र के तौर पर हुई. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के चीरघर पहुंचा दिया गया. इसी कड़ी में मृतक के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दे दी गई. पुलिस द्वारा प्रथम दृष्टया इस बात की संभावना जताई जा रही है कि दर्शन पूजन और परिक्रमा करने के लिए रात में चित्रकूट पहुंचने के बाद रात में ही रमा शंकर स्नान करने के लिए भरत घाट पहुंचे होंगे. जहां पर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण डूबने से उनकी मौत हो गई होगी.
