समर शेड्यूल: इंदौर में रविवार से चार शहरों का हवाई संपर्क हो जाएगा खत्म

इंदौर। शहर की एयर कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लगने जा रहा है. रविवार से लागू हो रहे समर शेड्यूल के साथ ही इंदौर से नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू के लिए सीधी उड़ानें बंद हो जाएंगी. इसके बदले यात्रियों को सिर्फ जलगांव के लिए नई फ्लाइट मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन उसकी शुरुआत की तारीख अभी तय नहीं हुई है.

नए शेड्यूल के अनुसार इन चार शहरों की उड़ानों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे व्यापार, पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही पर असर पड़ने की संभावना है. खासतौर पर भुवनेश्वर और जम्मू जैसे शहरों से कनेक्टिविटी खत्म होने से यात्रियों को अब अन्य शहरों के जरिए यात्रा करनी पड़ेगी. वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ा है. शारजाह के लिए संचालित उड़ानों की संख्या घटाई जा रही है, जबकि अन्य रूट्स में भी बदलाव किए हैं. इससे यात्रियों को कम विकल्प मिलेंगे. समर शेड्यूल में इंदौर को केवल जलगांव के लिए एक नई उड़ान प्रस्तावित की गई है, लेकिन इसकी तारीख तय नहीं होने से यह राहत भी फिलहाल अधूरी है. गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर का कई शहरों से हवाई संपर्क टूट चुका है, जिससे शहर की एयर कनेक्टिविटी लगातार कमजोर होती जा रही है. इधर, नए टर्मिनल के उद्घाटन की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं और इसका लोकार्पण रविवार को प्रस्तावित है. हालांकि, एक ओर जहां नए टर्मिनल की शुरुआत हो रही है, वहीं दूसरी ओर उड़ानों में कटौती से यात्रियों में असंतोष देखा जा रहा है.

Next Post

ट्रंप ने सैन्य सहायता देने में आनाकानी के लिए नाटो के प्रति जताई निराशा, कहा- अमेरिका के बिना 'कागजी शेर'

Sat Mar 28 , 2026
वॉशिंगटन, 28 मार्च (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो की आलोचना जारी रखते हुए इस पार-अटलांटिक सैन्य गुट के प्रति निराशा व्यक्त की है। श्री ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए सैन्य सहायता प्रदान करने में सहयोगी देशों की अनिच्छा के लिए उन्हें कड़ी फटकार […]

You May Like