जबलपुर: मध्य प्रदेश में न्यायिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत ने बुधवार को विदिशा में न्यायिक अधिकारियों हेतु नवनिर्मित 14 आवासीय क्वार्टरों का वर्चुअल उद्घाटन कर उन्हें समर्पित किया। इसके साथ ही जबलपुर स्थित हाईकोर्ट परिसर में नव विकसित हरित उद्यान जस्टिस ग्रीन्स का भी लोकार्पण किया।
विदिशा स्थित इस आवासीय परिसर में फाइव सी-टाइप, फाइव डी-टाइप व फोर ई-टाइप क्वार्टर शामिल हैं, जिन्हें विशेष रूप से न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित, पर्याप्त तथा गरिमापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित किया गया है।
यह अधोसंरचना उन अधिकारियों को स्थायित्व एवं संस्थागत समर्थन प्रदान करने की दिशा में एक प्रयास है, जो अपने गृह नगरों से दूर सेवा दे रहे हैं। इस अवसर पर प्रशासनिक न्यायाधीश संजीव सचदेवा, न्यायाधीश जस्टिस गुरपाल सिंह अहलूवालिया पोर्टफोलियो न्यायाधीश जिला विदिशा सहित उच्च न्यायालय के अन्य न्यायमूर्तिगण भी उपस्थित रहे।
