नयी दिल्ली (वार्ता) हिमांशु चंटोला की शानदार हैट्रिक की मदद से जुबा संघा ने डीएसए ए डिवीजन लीग में रॉयल फुटबॉल क्लब को 5-0 से हरा कर पूरे अंक अर्जित किए।
नेहरू स्टेडियम परिसर में खेले गए एकतरफा मुकाबले में कुल्लू और अमासजून ने एक एक गोल बांटे। एक अन्य मुकाबले में हॉप्स ने ह्युबर स्टोन तौठाँग के दो गोलों से यंगेस्टर्स एफसी को 2-1 से परास्त किया। पराजित टीम का गोल नितिन चौहान ने किया। अन्य मैचों में वोरियर्स ने गढ़वाल यूनाइटेड पर 2-1 की जीत पाई। विमेंस प्रीमियर लीग में गढ़वाल यूनाइटेड ने दिल्ली यूनाइटेड एफसी को बोनीफिलिए शुलाई, कप्तान संफीदा, एल किम और दीपिका पाल के गोलों से पराजित किया।
सीनियर डिवीज़न क़े मुकाबलों में जगुआर और नार्थर्न यूनाइटेड फुटबाल क्लब ने अम्बेडकर स्टेडियम पर खेले गए मैचों में आसान जीत दर्ज की। नार्थर्न यूनाइटेड की 3-0 की जीत का आकर्षण अखिलेश देवरानी, कुशाग्र चौधरी औऱ शौर्य कक्कर के दर्शनीय गोल रहे। अखिलेश और कुशाग्र ने डी टॉप से नपे तुले शॉट जमा कर वाह वाह लूटी। जगुआर ने कप्तान सुमित के दो गोलों से एमिटी नेशनल्स को 2-0 से हराया तो नार्थर्न यूनाइटेड ने सिटी एफसी पर शानदार अंदाज में जीत दर्ज की।
