
ग्वालियर। ग्वालियर में 28 अप्रैल को आयोजित संविधान बचाओ रैली के लिए पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा कि धर्म पूछकर हत्या करना किसका षडय़ंत्र है। पाकिस्तान, विदेशी ताकतें या नफरत फैलाने वालों का? यह भारत सरकार की जांच का विषय है, लेकिन ऐसी हरकत करने वालों को जड़ से खत्म कर देना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने भारत सरकार को पूरा समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 से पहले कहा था कि वो एक काटेंगे तो हम 10 सिर काटकर लाएंगे। अब मैं उनसे कहता हूं कि एक के बदले दस सिर लाएं। हम उनके साथ हैं और वह यह करके दिखाएं।
ग्वालियर में आज 28 अप्रैल सोमवार को कांग्रेस संविधान बचाओ रैली निकालेगी। कांग्रेस इस रैली के बाद महारानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल मैदान पर सभा का भी आयोजन करेगी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजाद कराया। बाबा साहब के साथ मिलकर संविधान बनाया और उसे लागू कराया। इसलिए संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी की है। आज के समय में यदि संविधान को बचाने सबसे ज्यादा कोई संघर्ष कर रहा है तो वो हैं हमारे नेता राहुल गांधी। राहुल, खरगे ने देश में संविधान की रक्षा के लिए संदेश दिया। इस देश में गरीबों पर, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, जैनियों पर जो अत्याचार हो रहा है, इसका मतलब संविधान खतरे में है। क्या कारण है कि कुछ लोग ही आर्थिक संपन्न हो रहे हैं और देश के बाकी लोग गरीब हो रहे हैं?
संविधान एक दिन में समाप्त नहीं किया जा सकता है। 10 साल की डा मनमोहन सरकार ने भोजन का, सूचना का, भूमि अधिग्रहण करने का, वन अधिग्रहण आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर बिल लेकर आए। वहीं नरेन्द्र मोदी की दस वर्ष की सरकार में जो भी बिल लेकर आए उसमें भ्रम की स्थिति बनी हुई है। देश के नागरिकों के साथ संविधान को संजोने संवारने का कार्य राहुल गांधी ने करके अपने दायित्व का निर्वहन किया है। संविधान की रक्षा की है। देश में जातिगत जनगणना की बात राहुल गांधी कर रहे है, जिससे देश में समाजों में समानता आएगी। कांग्रेस इसके लिए दृढ इच्छा नीयत के साथ खड़ी है।
जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार माफिया से घिरी है। चाहें शराब माफिया हो, भू माफिया हो या शिक्षा माफिया हो। यह इसकी का नतीजा है। सत्ता में जो लूट मची है। हमारी और आपकी समस्या एक ही है। हम सब इस माफिया के खिलाफ साथ-साथ हैं।
जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य में रोजगार, न्यायालय, नशे को लेकर चिंता जायज है। लाडली बहना के 3000 रूपये नहीं आने से लेकर किसानों को वाजिब दाम नहीं मिलने आदि को लेकर पूछे प्रश्न के जबाब में जीतू पटवारी ने कहा कि मोदी की गारंटी यानी झूठ की गारंटी है। इसमें ना तो लाडली बहना को लाभ मिल रहा है ना गैस सिलेंडर मिल रहा है ना ही किसान को लाभ मिल पा रहा है।
पहलगाम हमला केन्द्र व सुरक्षा एजेंसियों की चूक: हरीश चौधरी
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मप्र के प्रभारी हरीश चौधरीने कहा कि पहलगाम हमला पूरी तरह केन्द्र सरकार व सुरक्षा एजेंसियों की चूक है। कांग्रेस की सरकार से मांग है कि दोषी कोई भी हो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो चाहे वह किसी भी जाति धर्म समाज के हों। इस मामले में कांग्रेस का प्रधानमंत्री से कहना है कि वह कार्रवाई करें, हम सरकार के साथ है। चौधरी ने रविवार को ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कांग्रेस धर्म आधारित हिंसा के सदैव खिलाफ रही है और धर्म के आधार पर देश बांटने की साजिश का विरोध करती है। चौधरी ने इसके साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा शासन में संवैधानिक संस्थाओं, सार्वजनिक संस्थाओं को समाप्त किया जा रहा है। बल्कि संविधान के साथ भी छेड़छाड़ करने की साजिश की जा रही है।
हरीश चौधरी ने कहा कि 28 अप्रैल को राज्य स्तरीय रैली संविधान बचाने के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें देश की एकता अखंडता का संकल्प लेंगे। इस रैली में भारत सरकार की संविधान विरोधी नीयत से आमजन को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर, विधानसभा स्तर पर रैलियां निकाली जाएंगी।
जब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी से पूछा गया कि वीर सावरकर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को फटकार लगाई है। इस पर अब भी राहुल या कांग्रेस का वही नजरिया है तो प्रदेश प्रभारी चौधरी ने कहा कि कोर्ट ने फटकार लगाई है, यह शब्द गलत है। यह आपका नजरिया होगा। कोर्ट ने अपना ऑब्जरवेशन दिया है। कोर्ट में मामला है। इसलिए आप भी समझदार हैं किसी का बोलना सही नहीं रहता है।
पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, विधायक डा. सतीश सिकरवार, विधायक साहब सिंह, विक्रांत भूरिया, प्रदेश प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा, आरपी सिंह, राम पांडे, शहर जिलाध्यक्ष डा देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जोहरे, प्रवीण पाठक, कार्यकारी जिलाध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, वीर सिंह तोमर, प्रवीण पाठक, मितेन्द्र दर्शन सिंह आदि मौजूद थे।
