भोपाल, 26 अप्रैल (वार्ता) राज्यसभा सांसद एवं देश के प्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा पर केंद्रित वृत्तचित्र का प्रदर्शन शुक्रवार की देर शाम यहां किया गया। इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी भी मौजूद थे।
स्थानीय निजी होटल के मुक्ताकाश मंच पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के जबलपुर निवासी एवं सांसद श्री तन्खा के अलावा न्याय जगत से जुड़ी अनेक हस्तियां, राज्य के युवा कल्याण मंत्री मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। देश के प्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता श्री तन्खा के जीवन पर केंद्रित इस वृत्तचित्र में उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।
फिल्मकार श्री अजय चिटनिस द्वारा निर्मित इस वृत्तचित्र में श्री तन्खा के मध्यप्रदेश के रीवा और जबलपुर जिले से भोपाल तथा दिल्ली तक के सफर के बारे में दिखाया गया है। इस फिल्म में श्री तन्खा के जीवन के संघर्ष से लेेकर अधिवक्ता के रूप में सफलताओं, समाज सेवा के कार्यों और राज्यसभा में पहुंचने तक के सफर के बारे में बताया गया है। लगभग 50 मिनट के इस वृत्तचित्र में देश के प्रमुख अधिवक्ता, राजनेता और परिजन श्री तन्खा के कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए भी सुने जा सकते हैं।
मंच पर आसीन विभिन्न वक्ताओं ने श्री तन्खा की सफलताओं के साथ ही उनके व्यक्तित्व के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने देश के विभिन्न हिस्सों में समाजसेवा के क्षेत्र में श्री तन्खा के अथक और लगातार प्रयासों की सराहना की।
