600 से ज्यादा पुराने यार मिले,ताजा हुई पुरानी यादें

शाजापुर।नगर में शनिवार का दिन यादगार दिन बन गया, जब यहां दो चार नहीं 600 से ज्यादा पुराने यार मिले. जिन्होंने अपने पुराने दिनों की यादें ताजा की. इनमें जिले के शिक्षा विभाग का जिम्मा संभालने वाले डीईओ ने भी अपने दोस्तों के साथ अपने पुराने स्कूल में रेलगाड़ी भी चलाई और पारंपरिक खेल भी खेले. मौका था उत्कृष्ट विद्यालय में पूर्व छात्रों के मिलन समारोह का जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने दोस्तों के साथ खूब धमाल किया.

इस पूर्व छात्र सम्मेलन में वर्ष 1950 से 2015 तक के पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों को आमंत्रित किया गया था. आयोजकों ने 2000 से अधिक विद्यार्थियों से संपर्क किया. इनमें से 800 से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया. सम्मेलन सुबह 9 बजे से शुरू हुआ. जिसमें स्कूल के वर्तमान विद्यार्थियों ने बैंड बाजों के साथ पूर्व छात्रों का स्वागत किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक शाजापुर अरुण भीमावत थे. अध्यक्षता कलेक्टर एवं अध्यक्ष उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंध समिति ऋजु बाफना ने की.

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठतम पूर्व छात्र प्रेम नारायण सक्सेना, सुरेश व्यास, भगवानदास नागर, सोम चंद्र जैन, मंच पर डॉ. रवि पांडे, पूर्व विधायक इंदर सिंह गोठी, पुरुषोत्तम चंद्रवंशी. डॉ. एलएन व्यास, प्रदीप चंद्रवंशी, नवनीत दुबे, बीके शर्मा तथा डॉ. अशोक कुमार बाजपेई थे. प्राचार्य प्रवीण कुमार मंडलोई ने बताया कि संस्था 1925 में एंग्लो वर्नाकुलर मिडिल स्कूल के रूप में प्रारंभ हुई थी. उस समय यह स्कूल बैरक स्कूल के रूप में जाना जाता था, आज संस्था को 100 वर्ष पूर्ण हो गए हैं .संस्था के गौरव बढ़ाने वाले छात्र छात्राओ के लिए पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन कर संस्था के गौरवशाली इतिहास को याद करने के प्रयास के लिए यह आयोजन किया जा रहा है.

पूर्व छात्र शाजापुर के जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे ने बताया यह स्कूल शहर का सबसे पुराना स्कूल है. 100 वर्ष पहले मीडिल स्कूल के रूप में था. आज उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में जिले का सबसे बड़ा शासकीय स्कूल है.इस अवसर पर विद्यालय के विकास कार्य हेतु 10 लाख रुपए की राशि विधायक अरूण भीमावद द्वारा देने की घोषणा की गई, 21000 रुपए की राशि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे, 21000 रुपए की राशि पूर्व प्राचार्य सुश्री शशिरेखा राजालू और 21000 रुपए की राशि वर्तमान प्राचार्य प्रवीण कुमार मंडलोई तथा 21000 रुपए की राशि देव प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा देने की घोषणा की गई. कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रेखा पुरोहित तथा संतोष मालवीय ने किया आभार देवप्रकाश श्रीवास्तव ने माना.

Next Post

बताओ आदेश के बाद क्यों नहीं दी गई सुरक्षा

Sat Apr 26 , 2025
डीजीपी सहित अन्य से जवाब तलब जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने जबलपुर के पुलिस अधिकारियों से पूछा है कि पूर्व आदेश के पालन में याचिकाकर्ता को सुरक्षा क्यों प्रदान नहीं की गई। एक अवमानना मामले में जस्टिस एके सिंह की एकलपीठ ने डीजीपी कैलाश मकवाना, आईजी जबलपुर अनिल सिंह कुशवाहा, एसपी […]

You May Like