भोपाल। राजधानी के बैरसिया में संचालित संस्कार वैली स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जा रही है. स्कूल में पढ़ने वाले एक 5वीं कक्षा पास छात्र के पिता मोहन सिंह द्वारा की जा रही है. मोहन दांगी ने मामले का शिकायती आवेदन कलेक्ट्रेट में भी दिया है. उन्होंने बताया कि वह ग्राम बरीं बगराज, बैरसिया निवासी हैं. उनका बेटा कृष्णा दांगी संस्कार वैली स्कूल बैरसिया में पढ़ता है.
मोहन दांगी ने बताया कि उनके बेटे का स्कूल की तरफ नवोदय विद्यालय प्रवेश कक्षा 6 का फार्म भरा गया था. नवोदय के रिजल्ट में उनके पुत्र के पास होने के बाद प्रवेश की तारीख पर पता चला कि स्कूल की तरफ से फार्म में लोकेशन की जानकारी गलत डाली गई थी. जिसके चलते जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिन्सिपल द्वारा उक्त फार्म को चैक कर उनके बेटे के एडमिशन को लेकर मना कर दिया गया. मोहन दांगी ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस दौरान उन्हें पता चला कि स्कूल की तरफ से ऑनलाइन वाले फार्म पर स्कूल की लोकेशन ग्रामीण बताई गई थी और अब ऑफलाइन फार्म में शहरी बताई गई. जिसके चलते उनके पुत्र कृष्णा का एडमिशन नवोदय विद्यालय में नहीं हो सकता. इस मामले को लेकर मोहन दांगी ने जनसुनवाई में भी शिकायती आवेदन देकर संबंधित स्कूल और संचालक बलवीर दांगी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. मोहन का कहना है कि जिस तरह से उनके पुत्र का सिलेक्शन नवोदय में नही हो पाया, ऐसा किसी और बच्चे के साथ न हो. इसके लिए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.
