
इंदौर: मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपी माखन कुशवाह को पुलिस आयुक्त इंदौर के आदेश पर छह माह के लिए जेल भेज दिया गया है. आरोपी के विरुद्ध लसूड़िया थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध हैं. लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के कारण पुलिस प्रशासन ने उसे इंदौर संभाग की सीमाओं से निरुद्ध करने की कार्रवाई की है.
पुलिस के अनुसार, माखन पिता रामचंद्र कुशवाह उम्र 45 वर्ष, निवासी शिव होटल के पास, तलाली चांदा, लसूड़िया, इंदौर, मादक व मनोत्तेजक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और विक्रय में लिप्त रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना लसूड़िया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस उपायुक्त जोन-2 अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा इस मामले में विस्तृत प्रतिवेदन आयुक्त इंदौर संभाग को प्रस्तुत किया गया था.
इस प्रतिवेदन पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त महोदय ने आरोपी को छह माह की अवधि तक इंदौर संभाग की सीमाओं से निरुद्ध करने के आदेश 21 अप्रैल 2025 को जारी किए. इस आदेश का पालन करते हुए लसूड़िया पुलिस ने आरोपी माखन कुशवाह को 22 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर भोपाल जिला जेल में निरुद्ध कर दिया है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ यह कार्रवाई एक सख्त संदेश है और आगे भी ऐसी आपराधिक गतिविधियों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे.
