
ग्वालियर। एक महीने पहले ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले बदमाश फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर फिर से हमला करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस को समय रहते इसकी सूचना मिल गई। इसके बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी सचिन फागुना सहित तीन बदमाशों को पकड़ लिया है।जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था और तभी से आरोपी फरार थे। अब पुलिस ने उन्हें पकडक़र पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात में उपयोग किए गए हथियारों और अन्य साथियों की तलाश जारी है।
सीएसपी हिना खान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर सचिन फागुना निवासी सिरोल अपने कुछ साथियों के साथ आ रहा है। सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह को आरोपियों को पकडऩे के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में एक पुलिस टीम को आरोपियों को पकडऩे के लिए तैनात किया गया। पुलिस टीम ने सेंट जोसेफ स्कूल के पास तिराहे पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक लग्जरी कार आती दिखाई दी, जिसे रेंज में आने दिया गया। जब कार पुलिस की घेराबंदी में आ गई, तो उसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस से घिरा देखकर कार में सवार तीन युवक भागने लगे, जिन्हें थोड़ी देर पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया।
पुलिस ने पकड़े युवकों को थाने लाकर पूछताछ की, तो उनकी पहचान सचिन गुर्जर निवासी सिरोल, अमित किरार निवासी रजमन नगर बहोड़ापुर, और देवू उर्फ देवेंद्र गुर्जर निवासी डीडी नगर के रूप में हुई। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था और हथियार कहां छिपाए गए हैं।
झांसी रोड थाना क्षेत्र के लखनौती खुर्द स्थित डबरा-आगरा हाईवे निवासी रामवीर सिंह गुर्जर, पुत्र बद्री प्रसाद गुर्जर, एक किसान हैं। उनकी दो बीघा पांच बिस्वा ज़मीन अडूपुरा में हाईवे पर स्थित है। उनके खेत के पीछे उनके चाचा प्रकाश गुर्जर की भी दो बीघा पांच बिस्वा जमीन है। रामवीर ने अपनी जमीन वर्ष 2024 में लक्ष्मी गुप्ता, पत्नी राजेश गुप्ता, निवासी थाटीपुर को बेच दी थी।
कुछ समय से सचिन फागुना, पुत्र बीरबल फागुना, यह दावा कर रहा है कि उसने प्रकाश गुर्जर की जमीन खरीदी है और वह आगे वाली जमीन भी उसी की है। वह रामवीर पर जमीन छोडऩे का दबाव बना रहा था, लेकिन रामवीर ने जमीन छोडऩे से इनकार कर दिया।
एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि किसान के घर पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को झांसी रोड थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार बरामद कर ली है और पूछताछ जारी है।
