नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि सादगी का दावा करने वाली भाजपा अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए भव्य बंगला बनवा रही है। आप नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री के लिए 15-15 कमरों वाली दो सरकारी कोठियों को मिलाकर एक विशाल “माया महल” तैयार किया जा रहा है।
किराड़ी से आप विधायक अनिल झा ने कहा कि भाजपा हमेशा दूसरों की जीवनशैली पर सवाल उठाती रही है, लेकिन अब खुद उसकी कथनी और करनी में फर्क नजर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को राज निवास मार्ग स्थित 1/8 और 2/8 नंबर के दो बड़े बंगले आवंटित किए जा रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक में 15 कमरे हैं और इनके नवीनीकरण के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं।आप ने इसे जनता के पैसे की बर्बादी बताते हुए भाजपा की कथित दोहरी नीति पर सवाल खड़े किए हैं। इस मामले में अब तक भाजपा या दिल्ली सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
