
सीधी। शहर के पुराने बस स्टैंड इलाके में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में घुसकर करीब दर्जन भर बदमाशों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया और दुकान में जमकर तोडफ़ोड़ की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक नरेंद्र पारवानी की पुराने बस स्टैंड में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। बुधवार को दिनभर के काम के चलते वे खाना नहीं खा पाए थे। रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी स्कूटी से खाना लेकर दुकान पर पहुंची। इसी दौरान स्कूटी पास खड़े एक युवक से हल्के से टकरा गई। मामूली घटना को लेकर युवक ने महिला से गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर नरेंद्र दुकान से बाहर आए और पत्नी से अभद्रता का विरोध किया। बताया जाता है कि इस पर युवक भडक़ गया और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में करीब दर्जन भर लोग मौके पर आ पहुंचे। आरोपियों ने दुकान में घुसते ही नरेंद्र को पकडक़र बाहर घसीटा और कुर्सी, डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान उन्होंने दुकान का सामान इधर-उधर फेंकते हुए काउंटर व शोकेस भी तोड़ दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही अन्य व्यापारी और स्थानीय लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। रात करीब 10 बजे तक थाने में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। घायल व्यवसायी को देखने के लिए समाजसेवी डॉ. अनूप मिश्रा, व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद गुप्ता, सिंधु समाज के कमल कामदार समेत अन्य व्यवसायी पहुंचे। घटना को लेकर सभी व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द अराजक तत्वों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्यवाही की मांग की।
इनका कहना है
सीसीटीवी फुुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना में शामिल संदिग्धों से पूंछताछ जारी है।
कन्हैया सिंह बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली
