सतना:बाइक पर सवार होकर राहगीरों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मैहर पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से 5 दिन पहले लूटी गई नकदी और सोने की चैन बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त 2 बाइक भी जब्त कर ली गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा निवासी अरविंद कु़शवाहा पिता बल्देव अपनी बहन के साथ स्कूटी पर सवार होकर मैहर से ग्राम देवरा की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी स्कूटी बंशीपुर पुल के पास पहुंचे वैसे ही 2 मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बदमाश वहां पहुंच गए.
बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए एक ओर जहां अरविंद से मोबाइल और 1500 रु की नकदी छीन ली. वहीं दूसरी ओर बदमाशों ने अरविंद की बहन के गले से सोने का लॉकेट भी खींच लिया. जिसके बाद धमकाते हुए सभी बदमाश वहां से भाग निकले. इसकी शिकायत पर पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिनकी पहचान दिलीप उर्फ लच्छू रावत 33 वर्ष, नेंदू रावत 35 वर्ष, प्रमोद रावत 22 वर्ष, विमलेश रावत 22 वर्ष, अरुण कुमार कोल 22 वर्ष, और आशीष रावत 20 वर्ष सभी निवासी बंशीपुर मैहर के तौर पर हुई.
