देवास में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

दहेज प्रताड़ना और हत्या की जताई आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
इंदौर: चंदन नगर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.देवास जिले के भानगढ़ स्थित अपने ससुराल में रह रही 22 वर्षीय श्रद्धा पटेल की मौत कथित रूप से ज़हर खाने से हो गई. घटना के बाद युवती के मायके वालों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है.

श्रद्धा पटेल का विवाह तीन वर्ष पूर्व देवास निवासी रितेश पटेल से हुआ था. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही श्रद्धा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. परेशान होकर वह कई महीनों तक मायके में रही और दो महीने पहले ही ससुराल लौटी थी. परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा के पति रितेश ने उन्हें फोन कर बताया कि श्रद्धा ने ज़हर खा लिया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है.

पहले उन्होंने बॉम्बे हॉस्पिटल ले जाने की बात कही, लेकिन बाद में पता चला कि श्रद्धा को इंदौर के पिपलिहाना क्षेत्र स्थित नक्षत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जब तक परिजन वहां पहुंचे, तब तक श्रद्धा की मौत हो चुकी थी. चंदन नगर थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

भाई ने लगाया हत्या का आरोप
श्रद्धा के भाई समीर पटेल ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक साजिश के तहत की गई हत्या है.

Next Post

बांदकपुर से दर्शन कर लौटते समय सड़क हादसे में 2 बच्चों समेत 8 की मौत

Tue Apr 22 , 2025
विनय असाटी दमोह: नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार चौकी महादेव घाट पुल के पास एक बोलेरो (चार पहिया) वाहन अनियंत्रित होकर पुल में पलट जाने से बेलोरो कार में सवार करीब एक दर्जन से अधिक यात्रियों में छह यात्रियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जबकि दो बच्चों […]

You May Like