सऊदी बस हादसे में पांच पाकिस्तानी उमराह तीर्थयात्रियों की मौत, कई घायल

जेद्दा, 21 अप्रैल (वार्ता) सऊदी अरब में एक सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं सहित पांच पाकिस्तानी उमराह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गये।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना तब हुई, जब उनकी बस ऐतिहासिक स्थल बद्र की यात्रा से मदीना लौट रही थी। उसी दौरान, उनकी बस दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

बस दुर्घटना में मारे गए अधिकतर ज़ायरीन बहावलनगर जिले से थे। मृतकों में फोर्ट अब्बास की रुखसाना बीबी और आमिना बीबी, दहरान वाला की दो महिलाएं, और एक बुजुर्ग मंजूर हुसैन शामिल हैं। इनमें से कई अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मदीना के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जियो न्यूज़ के अनुसार, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सऊदी-जर्मन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं, किंग फहद अस्पताल में भर्ती हैं।

इसके अलावा, एक महिला का इलाज किंग सलमान अस्पताल में चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि दो-दो शव सऊदी-जर्मन और किंग फहद अस्पतालों में भेजे गए हैं।

पाकिस्तान के कॉन्सुल जनरल खालिद मजीद ने जियो न्यूज से कहा कि वाणिज्य दूतावास की टीम घायलों की मदद कर रही है और उमरा स्पॉन्सर कंपनी के संपर्क में है। उन्होंने पुष्टि की कि तीन मृतकों को सऊदी अरब में दफनाने के लिए एनओसी जारी कर दिए गए हैं।

परिजनों ने बताया कि मृत ज़ायरीनों को सऊदी अरब में ही दफनाया जाएगा।

Next Post

खादी एवं ग्रामोद्योग का कारोबार एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये के पार

Mon Apr 21 , 2025
नयी दिल्ली 21 अप्रैल (वार्ता) वित्त वर्ष 2024-25 के खादी और ग्रामोद्योग आयोग का कारोबार स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये के पार हो गया है। आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने सोमवार को यहां वित्त वर्ष 2024-25 के अनंतिम आंकड़े जारी करते […]

You May Like