ग्वालियर/मुरैना:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मुरैना में पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं, इसलिए इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से मजबूत बनाया जाएगा। इसके लिए यहां चंबल सफारी बनाएंगे तथा उनमें चीते छोड़ने की योजना के अगले चरण की तरफ बढ़ रहे हैं। यहां आने के लिए सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा और हेलिकॉप्टर सेवा भी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरैना जिले में औद्योगिक इकाइयों को बढ़ाने के लिए वे प्रयास कर रहे हैं। नए उद्योगपतियों को यहां इकाइयां लगाने के लिए न्योता भी दे चुके हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यहां पर जल्द ही बड़ी औद्योगिक इकाइयां लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज एक दिवसीय प्रवास पर मुरैना पहुंचे थे। वे बड़ागांव नावली में आयोजित सांसद शिव मंगल सिंह तोमर के बेटे के लगुन फलदान कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीएम सुबह 11 बजे मुरैना जिले के बड़ागांव नावली पहुंचे, यहां उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनप्रतिनिधियों और आमजन से मुलाकात की। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला और मंत्री राकेश शुक्ला मौजूद थे। इसके बाद वे बड़ागांव नावली से ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर से विशेष विमान से वह भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
