बालाघाट: जिले के भानेगांव के नेताही चौक पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे बोरवेल करने वाले ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। लांजी थाना पुलिस के मुताबिक, युवकों की पहचान कुल्पा निवासी संजय दशहरे लोधी (21) और आदित्य भौतिक महर (20) के रूप में हुई है। दोनों मोटरसाइकिल से किरनापुर के सिवनी खुर्द में एक विवाह समारोह में जा रहे थे।
इस दौरान कर्नाटक नंबर केए 01एम जे 6895 बोरवेल वाहन से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना स्थल से गुजर रहे लांजी के पूर्व विधायक रमेश भटेरे ने मामले की सूचना पुलिस और मृतकों के परिजनों को दी। वह बालाघाट से लौट रहे थे, भीड़ देखकर रुके और जानकारी ली। सूचना मिलते ही डायल 100 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को लांजी भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
