छत्रपति संभाजीनगर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि देश रक्षा सामग्री के लिए आवश्यक उत्पादों के आयात को कम करके आत्मनिर्भर बन रहा है और वर्तमान में भारत में 500 से अधिक उत्पाद निर्मित किए जा रहे हैं।
श्री सिंह ने रक्षा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में असीमित अवसरों की बात दोहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और देश इसमें सफल हो रहा है। हमने अब देश में उत्पादित रक्षा सामग्री का निर्यात करना शुरू कर दिया है और हमने इस निर्यात को 600 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2400 करोड़ रुपये कर दिया है।
उन्होंने मराठवाड़ा उद्योग और कृषि चैंबर (सीएमआईए) द्वारा ”मराठवाड़ा: आत्मनिर्भर भारत” विषय पर आयोजित एक सेमिनार में बोलते हुए कहा ”हमारी नीति देश में रक्षा क्षेत्र में आवश्यक 500 से अधिक उत्पादों का निर्माण करने की है। उन्होंने कहा कि आयात कम करने और रक्षा उत्पादों को बढ़ाकर 03 लाख करोड़ रुपये करने की योजना है।”
श्री सिंह ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर के उद्यमियों को समायोजित करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमंडल आगे की चर्चा के लिए दिल्ली आना चाहिए।
श्री फड़नवीस ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर अब महाराष्ट्र का औद्योगिक चुंबक बन रहा है। औद्योगिक एस्टेट के लिए अधिग्रहित 10 हजार एकड़ जमीन उद्योगों को वितरित की गई है और उद्यमियों की ओर से अभी भी मांग है।
