हाईवे सिक्सलेन बनाने की मांग पर अनशनरत एक और संत की हालत बिगड़ी

भिंड, 18 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड शहर में इटावा-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 को सिक्सलेन बनाने की मांग को लेकर भिंड शहर में आंदोलन कर रहे संतों में से एक और की तबियत बिगड़ जाने से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भिंड शहर के खंडा रोड पर 10 अप्रैल से संत नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण और गौ-अभयारण्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के चौथे दिन से नौ संतों ने अन्न त्याग कर भूख हड़ताल शुरू की थी। बीते दिनों एक संत की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अब कल देर रात संत श्री नरसिंह दास महाराज की तबियत अचानक खराब हो गई। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच कर उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
इससे पहले आंदोलन में संत प्रेमदास महाराज की तबियत बिगड़ चुकी है। संत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल रात दूसरे संत नरसिंह दास की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद इन्हें भी भर्ती कराया गया है।
संत समिति के अध्यक्ष रामदास महाराज का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा और अन्न ग्रहण नहीं किया जाएगा।
इस दौरान मध्यप्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष और अटेर विधायक हेमन्त कटारे भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने संत का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि संतों को सड़क पर बैठना पड़े, यह हमारे लिए शर्म की बात है। यह मुद्दा किसी पार्टी या संगठन का नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा मामला है, जिससे हर वर्ग किसान, व्यापारी, युवा, भाजपा-कांग्रेस सभी प्रभावित हैं।
श्री कटारे ने बताया कि वे इस मांग को विधानसभा में पहले भी उठा चुके हैं।

Next Post

रक्षा संबंधों को अधिक सशक्त बनायेंगे भारत और ब्रिटेन

Fri Apr 18 , 2025
नयी दिल्ली 18 अप्रैल (वार्ता) भारत और ब्रिटेन ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर उभरते भू-राजनीतिक परिदृश्य की समीक्षा के साथ-साथ रक्षा संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने दो दिन […]

You May Like