प्रमोद व्यास
उज्जैन: सिंहस्थ मेला क्षेत्र में स्थाई कुंभ नगरी बनाए जाने के लिए किसानों से जो आधी जमीन ली जा रही है, उसके तहत अब जमीन के बदले मुआवजा भी दिया जाएगा. उज्जैन विकास प्राधिकरण दिन रात लैंड पुलिंग के तहत योजना बना रहा है. एक दर्जन से अधिक अधिकारी कर्मचारी उक्त प्रोजेक्ट के लिए जुटे हुए हैं. उक्त मुआवजे की घोषणा महाकाल की नगरी उज्जैन या प्रदेश की राजधानी भोपाल में सीएम डॉ. यादव जल्द ही करने वाले हैं.
सभी के समन्वय से बनेगी योजना
नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सभी के समन्वय के साथ उक्त प्रोजेक्ट कंप्लीट किया जाएगा.उधर,उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी किसानों की आधी जमीन पर विकास कार्य करने के लिए जो प्लान बना रहे हैं, उसमें 2000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी.
किसान लगातार विरोध दर्ज कराते हुए लिखित में भी आपत्ति दे रहे हैं. विकास प्राधिकरण समन्वय की भूमिका में है. पहले तो जमीन के दाम बढ़ने का लाभ बताया जा रहा था. अब आधी जमीन के बदले एमपी सरकार द्वारा मुआवजा भी दिया जाएगा, ऐसे में आधी जमीन किसानों के पास ही रहेगी, आधी जमीन का मुआवजा मिल जाएगा, जिसका पूरा फायदा यूडीए किसानों को बताने में जुट गया है.
