
पिपलियामण्डी। सोसायटी में लाखों रुपए की आनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रबंधक व कलेक्शन एजेन्टों के खिलाफ केस दर्ज किया। पिपलियामंडी में स्थित सत्य पुष्प साख सहकारी संस्था मर्यादित के उपाध्यक्ष महेन्द्रसिंह चौहान ने पिपलिया थाने पर शिकायत दर्ज कराई कि संस्था के पूर्व प्रबंधक रितिक सोनी पिता दीपक सोनी निवासी ईमली बाजार इंदौर, कलेक्शन एजेंट राजेन्द्र सिंह पिता भंवरसिह देवडा निवासी चिताखेडी व पंकज उर्फ जीवन पिता राजेन्द्र बंजारा निवासी राधकृष्ण पंथ गली खानपुरा मंदसौर ने करीब 17 लाख रूपये की आनलाईन धोखाधड़ी की। महेन्द्रसिंह ने बताया संस्था का गठन 8 अप्रैल 2022 में हुआ था। गठन के समय से ही शाखा प्रबंधक रितिक पिता दीपक सोनी थे तथा अगस्त 2022 से संस्था के शाखा प्रबंधक के पद पर हर्षित पिता लालचंद देवडा निवासी किटयानी मंदसौर कार्यरत है। संस्था के पूर्व शाखा प्रबंधक रितिक सोनी के समय कलेक्शन एजेन्ट राजेन्द्रसिंह व पंकज उर्फ जीवन ग्राहकों से उनके घर जाकर लोन की किश्तो को कलेक्शन कर संस्था में जमा करने का काम करते थे। उक्त तीनों व्यक्तियों द्वारा संस्था खाता धारक द्वारा लोन लिये जाने पर लोन की राशि कलेक्शन कर संस्था के खाते में जमा नही करते हुऐ स्वयं के द्वारा राशि का गबन कर लिया गया एवं उक्त राशि को संस्था के साफ्टवेयर एसएनएस के माध्यम से संस्था के ही अकाउंट से खाता धारक की लोन राशि संस्था के ही अकाउंट में जमा कर धोखाधडी की गई है। संस्था द्वारा मार्च 2023 की आडिट करवाये जाने पर यह तथ्य ज्ञान में आया कि उक्त तीनों व्यक्तियों द्वारा मिलकर संस्था की राशि का गबन कर धोखाधड़ी की गई है जिसके पश्चात जांच व कार्यवाही हेतु आवेदन पत्र पुलिस को दिया गया था।
चौकी प्रभारी रितेश नागर ने बताया शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर गबन करने के मामले में पूर्व प्रबंधक व कलेक्शन एजेन्टों पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। सभी आरोपी फरार है।
