ग्वालियर: अमरनाथ यात्रा के लिए इस बार श्रद्धालुओं को ज्यादा परेशान होना पड़ रहा है। कारण, ग्वालियर संभाग में यात्रा के लिए इस बार श्राइन बोर्ड ने सिर्फ नया बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी है। इसके चलते अंचलभर के श्रद्धालु बैंक खुलने से पहले ही कतार में लग जाते हैं। दिनभर भीषण गर्मी में लगे रहने के बाद अधिकांश लोगों को सर्वर ठीक से काम नहीं करने का बहाना बताकर लौटा दिया जाता है।
श्राइन बोर्ड द्वारा भिंड, मुरैना, शिवपुरी में रजिस्ट्रेशन की सुविधा न देने से यह स्थिति बनी है। श्रद्धालु हर साल पीएनबी बैंक नया बाजार में रजिस्ट्रेशन कराते हैं। इस बार बैंक के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। इस कारण पहली बार यहां पुलिस बल तैनात करना पड़ा है। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन रजिस्ट्रेशन फीस 150 रुपए में है। इसलिए एक मात्र पीएनबी बैंक में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लग रही है।
