नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता) स्मार्टफोन ब्रांड रीयलमी ने भारत के विनिर्माण पारितंत्र को मजबूत करने और सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल में सहयोग करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत में अपनी अगली पीढ़ी के एआईओटी उत्पादों का विनिर्माण करने के लिए ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ओईएल) के साथ साझेदारी की है।
दोनों कंपनियों ने संयुक्त रूप से बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने के अपने दीर्घकालीन विजन के तहत रीयलमी ने ईयरफोन, स्मार्टवाचेज़ और टैबलेट सहित अपने एआईओटी उत्पाद का संपूर्ण पोर्टफोलियो भारत में तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इस साल की शुरुआत से रीयलमी बड्स टी200 सीरीज़, रीयलमी बड्स वायरेल सीरीज़ और रीयलमी बड्स एयर सीरीज़ जैसे उत्पाद स्थानीय उत्पादन लाइनों में तैयार होने लगेंगे।
इसके समानांतर, रीयलमी पीसीबीए, बैटरियां, मैकेनिक्स, केबल और चार्जर जैसे ज्यादातर महत्वपूर्ण पुर्जे भारत के भीतर प्राप्त करने के प्रयास भी बढ़ा रही है। भारतीय उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतें पूरी करने के अलावा, रीयलमी भारत में बने एआईओटी उत्पादों को वैश्विक बाजारों को निर्यात करने की भी संभावना तलाश रही है जिससे वह भारत को ना केवल एक विनिर्माण केंद्र के तौर पर स्थापित कर सके, बल्कि नवप्रवर्तन और उत्पादन के लिए एक वैश्विक केंद्र के तौर पर भी स्थापित कर सके।
रीयलमी और ओईएल ने भारत में 2,000 से अधिक रोजगार के अवसरों का सृजन करते हुए सालाना 50 लाख एआईओटी उपकरणों के विनिर्माण का लक्ष्य रखा है। यह साझेदारी एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला का निर्माण करने और अधिक मात्रा में उच्च गुणवत्ता के उत्पादन में सहयोग के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने में योगदान करेगी।