गोपालगंज पुलिस की तत्परता से 11 वर्षीय लापता बालक 24 घंटे में सकुशल बरामद

सागर: थाना गोपालगंज पुलिस ने गुमशुदा 11 वर्षीय बालक को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार थाना गोपालगंज क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 11 वर्षीय पुत्र घर से लापता हो गया है। परिजनों ने आसपास के मोहल्ले, रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहाँ बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आशंका जताई गई कि कोई अज्ञात व्यक्ति बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गया है।

रिपोर्ट मिलते ही थाना प्रभारी गोपालगंज निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में बालक की तलाश हेतु विशेष टीम गठित की गई। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को सूचना दी गई। जिलेभर में सूचना तंत्र को सक्रिय कर बालक की तस्वीर व विवरण तत्काल सभी पुलिस व्हाट्सएप समूहों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया, जिससे खोज अभियान को व्यापक गति मिली। लगातार प्रयासों के बाद सफलता मिली जब डायल 112 टीम को गंजबासौदा क्षेत्र में वही बालक सुरक्षित अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही थाना गोपालगंज की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सकुशल सागर लाकर परिजनों को सुपुर्द किया गया।

बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने पुलिस के प्रति गहरा आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण ही उनका बच्चा सुरक्षित घर लौट सका।

इस सफल अभियान में थाना गोपालगंज पुलिस टीम एवं कंट्रोल रूम सागर की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। विशेष रूप से निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, उप निरीक्षक नीरज जैन, उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, प्रधान आरक्षक यशवंत, प्रधान आरक्षक मोहन, प्रधान आरक्षक अनिल प्रभाकर, आरक्षक आनंद सिंधु, आरक्षक अंकित (चालक) एवं आरक्षक देवेंद्र पांडे का योगदान उल्लेखनीय रहा।

Next Post

दीपावली के दूसरे दिन हुआ मोनिया नृत्य

Tue Oct 21 , 2025
टीकमगढ़। शिव धाम कुंडेश्वर में मंगलवार को मौनिया नृत्य और गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बुंदेली गीतों पर पारंपरिक मौनिया नृत्य का प्रदर्शन किया। समूचे बुंदेलखंड में दीपावली के दूसरे दिन मौनिया नृत्य की परंपरा सदियों से चली आ […]

You May Like