चंडीगढ़/दिड़बा/संगरूर, (वार्ता) पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को दिड़बा की अनाज मंडी में सरकारी गेहूं खरीद का शुभारंभ किया।
श्री चीमा ने भरोसा दिलाया कि इस सीजन के दौरान किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों द्वारा लाई गई फसल की बोलियां भी लगवाईं और मौके पर ही सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा फसल की खरीद सुनिश्चित करवाई गई।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गेहूं के एक-एक दाने की खरीद और किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने दिड़बा के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गेहूं की निर्बाध खरीद, लिफ्टिंग, बारदाने की उपलब्धता, परिवहन, मज़दूरी के साथ-साथ बिजली, पीने के साफ पानी, साफ-सफाई और शौचालयों की सुविधा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
उन्होंने बताया कि उपमंडल के अधीन आने वाली समस्त अनाज मंडियों की निगरानी उपमंडल न्यायाधीश दिड़बा कर रहे हैं और सभी सरकारी खरीद एजेंसियों को सरकार के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने के आदेश जारी किए गए हैं।
